
रामानुजनगर। गुरुवार को रामानुजनगर क्षेत्र के भक्तों द्वारा देवगढ़ धाम कांवर पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में करीब 15 हजार श्रद्धालु शामिल हुए और देवगढ़ धाम पहुंचकर भगवान अर्धनारीश्वर शंकर को जल अर्पित किया। श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग से वातावरण पूरी तरह भोलेनाथ के जयघोषों से गूंज उठा।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में कांवरियों की सेवा के लिए जगह-जगह फल, जूस, चाय, बिस्किट और जलेबी की व्यवस्था की गई थी। वहीं देवगढ़ धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा कार्यों में रामानुजनगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने भरपूर सहयोग दिया।
देवगढ़ धाम में दिन के समय श्रद्धालुओं के लिए आर्केस्ट्रा का भक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें भक्ति गीतों की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय हो गया। चारों ओर “बोल बम” की गूंज से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
गौरतलब है कि यह कांवर पदयात्रा आज से 24 साल पहले केवल 11 श्रद्धालुओं द्वारा शुरू की गई थी, जो आज विशाल मेले का रूप ले चुकी है। हर साल इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
इस आयोजन को सफल बनाने में रामानुजनगर के समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को भव्य और अनुशासित रूप प्रदान किया।





















































