
नीरज सिंह प्रतापपुर – विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसानों को मां महामाया शक्कर कारखाना केरता द्वारा खरीदे गए गन्ने का भुगतान अब तक नहीं मिल पाया है। किसानों का कहना है कि यह सिर्फ़ उनके साथ अन्याय नहीं, बल्कि उनके परिवारों की रोज़ी-रोटी और भविष्य से खिलवाड़ है।
गन्ना किसानों के इस हक़ की लड़ाई को मज़बूती देने के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के नेतृत्व में प्रतापपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि 5 दिवस के भीतर गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे।
किसानों की हालत बदतर
गन्ना भुगतान नहीं मिलने से किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। खेती के लिए आवश्यक पूंजी जुटाना, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना और परिवार की जरूरतें पूरी करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। कई किसान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार सिंह देव ने कहा –
“किसानों से गन्ना खरीदी किए हुए एक साल बीत चुका है। आज तक भुगतान नहीं किया गया। यदि अब भी राशि नहीं मिली तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और जिम्मेदारी पूरी तरह से कारखाना प्रबंधन की होगी।”

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मजबूत मौजूदगी
ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे। इनमें प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुमार सिंह देव, सतीश चौबे, पप्पू जफर, मुकेश गर्ग, बनवारी लाल गुप्ता, NSUI जिला सचिव दिलशाद अंसारी (गोल्डी), पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी मरावी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मंजू मिंज, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी श्रीमती सविता सिंह आयाम, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी श्री अशोक सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी मानमति पैकरा, आरती पैकरा, कवल साय यादव, विजय कुशवाहा, सुमंत कुमार प्रजापति सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
आंदोलन की रणनीति
कांग्रेस कमेटी ने साफ किया है कि आंदोलन सिर्फ किसानों के हक की लड़ाई के लिए होगा। यदि प्रशासन और कारखाना प्रबंधन ने तुरंत गंभीरता नहीं दिखाई, तो कारखाने का घेराव और बड़े धरना-प्रदर्शन की रणनीति पर अमल किया जाएगा।
ग्राम पंचायतों से लेकर तहसील मुख्यालय तक गन्ना किसानों में इस चेतावनी से नई उम्मीद जगी है कि उन्हें जल्द उनका हक़ मिलेगा।






















































