“कम वेतन में नहीं चल रहा घर” — जीवन दीप समिति कर्मचारियों ने सौंपा चेतावनी भरा ज्ञापन
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ (प्रकोष्ठ संघ) ने जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान किए जाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. निलेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कलेक्टर एवं पदेन अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति को ज्ञापन सौंपकर जल्द मांग पूरी करने की अपील की है।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई के कारण कम वेतन में कर्मचारियों का जीवन यापन करना कठिन हो गया है। जीवन दीप समिति के कर्मचारी लंबे समय से अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाएं एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा पूर्व में जारी आदेशों में स्पष्ट रूप से कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर इन आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
संघ ने मांग की है कि जीवन दीप समिति के कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर दर पर वेतन दिया जाए तथा शासन के पूर्व आदेशों को सख्ती से लागू किया जाए। ज्ञापन में कर्मचारियों की दयनीय आर्थिक स्थिति पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह भी किया गया है।
इस संबंध में जिलाध्यक्ष डॉ. निलेश कुमार ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जाना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।





















































