
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत देवनगर में विधानसभा स्तरीय शिविर आयोजित
सूरजपुर/ सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखंड रामानुजनगर के देवनगर में विधानसभा स्तरीय शिविर आयोजित किया गया।शिविर में नमो सेवा गाथा अंतर्गत विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया गया।
इस दौरान अतिथियों ने मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। साथ ही 10वीं के विद्यालयीन विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने प्रोत्साहन राशि दी गई। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष रामानुजनगर श्री गुलाब सिंह, उपाध्यक्ष श्री रामप्रताप साहू, जिला पंचायत सदस्य नयन सिदार, जनपद अध्यक्ष प्रेमनगर फुलेश सिदार, श्री संदीप अग्रवाल, श्री मुकेश गर्ग, श्री अनिल साहू, श्री पवन सिंह, श्री विजय राजवाड़े, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहें।
विधानसभा स्तरीय शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से प्रशासन लोगों के बीच पहुंचकर आपकी समस्याएं सुन रहा है तथा प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना अनुरूप वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति और परिवार को सक्षम बनाना आवश्यक है। परिवार सशक्त होगा तो ग्राम पंचायत विकसित होगी। ग्राम पंचायतों के विकास से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देगा। उन्होंने नागरिकों से शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने तथा सामूहिक सहभागिता से गांव, प्रदेश एवं देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएं,स्वास्थ्य, सुपोषण की मिली जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में आयुष्मान कार्ड बनाने, स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पौष्टिक आहार, हरी सब्जियों तथा स्थानीय खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन कर संतुलित आहार एवं सुपोषण का संदेश दिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन एवं वरिष्ठजनों की कल्याणकारी योजनाओं, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा खेती और सब्जी उत्पादन की जानकारी दी गई। राजस्व विभाग के स्टॉल में राजस्व आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र संबंधी सेवाओं के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों से समस्या सबंधित आवेदन भी लिया गया। जिनका नियमानुसार निराकरण किया गया और शेष आवेदनों का निराकरण किया जायेगा।
विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया गया प्रेरित
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने चिरायु योजना, टीबी की जांच, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचने के महत्व से लोगों को अवगत कराया।विद्युत विभाग के द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सौर संयंत्र लगाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक किलोवाट क्षमता पर 45 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट पर 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है।इस दौरान आवास योजना की पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।





















































