स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर आपके द्वार एम्बुलेंस सेवा का किया शुभारंभ
सेवा संकल्प अभियान से स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति, घर तक पहुंचेगी चिकित्सा सुविधा
स्वास्थ्य अधोसंरचना को मिली मजबूती, विभिन्न विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
सूरजपुर, / रेड क्रॉस सोसायटी के तत्वाधान में जिला चिकित्सालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्योें का लोकापर्ण किया गया। जिसमें विकासखंड सूरजपुर अंतर्गत लगभग 75 लाख रूपये के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कमलपुर, विकासखंड भैयाथान अंतर्गत 75 लाख रूपये के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चन्द्रमेढ़ा का कार्य शामिल है। इस दौरान महिला बाल विकास विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े,वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, रेडक्रॉस सोसायटी के , वाइस चेयरमेन श्री ओमकार पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, जनपद अध्यक्ष सूरजपुर श्रीमति स्वाति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य एवं वरिष्ठ नागरिकजन मौजूद रहे। इस दौरान अस्पताल परिसर में ही स्वास्थ्य मंत्री ने अमरूद के पौधे का रोपण किया अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण किया। नेचर क्लब और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया गया। साथ ही टीबी मरीजों को पोषण आहार किट, निक्षय मित्र के रूप में टीबी मरीजों का सहयोग करने वालों का सम्मान, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और चश्मा वितरण, दिव्यांगजन को सहायक उपकरण वितरण किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज डॉक्टर आपके द्वार एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से चिकित्सक जरूरतमंद मरीजों के घर तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार हुआ है। किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है, महतारी वंदन योजना से लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। आवास, शौचालय, बिजली, शिक्षा, राशन, रसोई गैस एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की बढ़कर 22 हो गई है। चिकित्सा संस्थानों में सीटी स्कैन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मेडिकल कॉलेजों में लगभग 25 विभिन्न श्रेणियों के तकनीकी पदों पर भर्ती की पहल की जा रही है। उन्होंने जिला चिकित्सालय सूरजपुर की अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध 136 प्रकार की निःशुल्क जांचों को मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए इसे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मंत्री श्री जायसवाल ने आयुष्मान कार्ड निर्माण में सूरजपुर जिले के प्रथम स्थान प्राप्त करने की सराहना करते हुए आगामी समय में स्वास्थ्य सुविधाओं के और विस्तार की बात कही। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान में नागरिकों की सहभागिता तथा नेचर क्लब के क्रियान्वयन की प्रशंसा करते हुए इसके संचालन में हरसंभव सहयोग का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर जरूरतमंदों तक उपचार की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर आपके द्वार एम्बुलेंस सेवा से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच, उपचार एवं पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही नागरिकों से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं, जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्थानीय मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए लटोरी में तत्काल सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही जिला चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने आगामी समय में 220 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक भवन एवं सेटअप उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। इन घोषणाओं से जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अब मरीजों के घर तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, स्वास्थ्य मंत्री ने किया डॉक्टर आपके द्वार एम्बुलेंस का शुभारंभ

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों के घर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल , मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, अन्य जनप्रतिनिधियो ने डॉक्टर आपके द्वार एम्बुलेंस का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया। इस पहल के माध्यम से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों को उनके घर के समीप स्वास्थ्य परामर्श एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करने वाले नागरिकों को राहत मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि शासन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना तथा जरूरतमंदों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना है। डॉक्टर आपके द्वार एम्बुलेंस सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।





















































