रामानुजनगर। ग्राम पंचायत सराईपारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला स्कूल सराईपारा (हर्रापारा) के सामने मुरम मिट्टी फैलाने के कार्य में स्कूली बच्चों को लगाए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर आदिवासी युवा छात्र संगठन, रामानुजनगर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) रामानुजनगर को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में संगठन ने आरोप लगाया है कि विद्यालय के सामने मुरम मिट्टी फैलाने का कार्य कराया जा रहा है और इस कार्य में विद्यालय आने वाले बच्चों को भी शारीरिक श्रम के लिए लगाया जा रहा है। संगठन का कहना है कि बच्चों को विद्यालय शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजा जाता है। उनसे इस प्रकार का कार्य कराने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

संगठन ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बच्चों से मुरम मिट्टी फैलाने का कार्य तत्काल बंद कराने तथा जिम्मेदार व्यक्ति या कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत में विद्यालय परिसर एवं आसपास चल रहे निर्माण अथवा अन्य कार्यों की भी जांच कर यह सुनिश्चित करने की मांग की गई है कि बच्चों को किसी भी ऐसे कार्य में न लगाया जाए, जिससे उनकी शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रभावित हो।
संगठन ने शिकायत के साथ घटना से संबंधित फोटो/वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।





















































