
सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र की ममता कॉलोनी में मां-बेटे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। एक दिन पहले सड़क किनारे जमीन में 12वीं कक्षा के छात्र का शव मिलने के बाद अब उसकी मां का शव घर के बाथरूम में मिला है। दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छात्र का शव शनिवार को सड़क किनारे जमीन में दफन मिला था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। इसी बीच रविवार को छात्र की मां का शव उसके घर के बाथरूम में औंधे मुंह पड़ा मिला। मां का शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
एक ही परिवार में मां और बेटे के शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर दोनों की हत्या किसने और क्यों की, क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या वजह थी—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।




















































