ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर दी गई आवश्यक चिकित्सकीय सलाह, दवाओं का भी वितरण
सूरजपुर प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा की दिशा में पहल करते हुए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं वाले लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी।
प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर के आयोजन से ग्रामीणों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने कंपनी द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।





















































