सूरजपुर। जिले के चर्चित दोहरे हत्याकांड में अदालत द्वारा तीन दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने के फैसले का स्थानीय लोगों के साथ पुलिस परिवार ने भी जोरदार स्वागत किया। प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस लाइन सहित जिलेभर के पुलिस परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
फैसले के बाद पुलिस परिवार के लोगों ने अपने-अपने घरों में दीये जलाकर खुशी जाहिर की। महिलाओं और बच्चों ने आतिशबाजी कर अदालत के फैसले का स्वागत किया। कई घरों में दीपों की रोशनी और पटाखों की गूंज के बीच लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
पुलिस परिवार के लोगों का कहना है कि करीब दो साल पुराने इस बहुचर्चित मामले में आया फैसला न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करने वाला है। उनके लिए अदालत का यह फैसला बेहद भावुक और संतोष का क्षण है। पुलिस परिवारों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
फैसले के बाद पुलिस लाइन का माहौल किसी त्योहार से कम नजर नहीं आया। कहीं घरों में दीप जलाए गए तो कहीं बच्चों और महिलाओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पुलिस परिवार के लिए यह दिन दीपावली जैसा रहा।





















































