
सूरजपुर / देवनगर / शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
माय भारत सूरजपुर के तत्वावधान में दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर में अग्निशमन विभाग सूरजपुर एवं आपदा प्रबंधन विभाग सूरजपुर की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, आपदा के समय सतर्कता बरतने तथा स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय टीम के सदस्यों द्वारा छात्र-छात्राओं को आगजनी सहित विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों, सुरक्षा संबंधी सावधानियों तथा संकट के समय उचित निर्णय लेने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ प्रायोगिक प्रदर्शन के माध्यम से आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। इस दौरान आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ, सतर्कता एवं तत्परता से कार्य करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम से विद्यार्थियों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी प्राप्त हुई। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में माय भारत सूरजपूर टीम के लीडर श्री सुरेश कुमार साहू, आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन विभाग से श्री विकास कुमार शुक्ला, विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.पी. निषाद, समस्त विद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के हित में आयोजित इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम के लिए माय भारत सूरजपुर, अग्निशमन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।





















































