
बीजापुर में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से हुई थी जवान बिजेंद्र ठाकुर की मौत, विभाग ने बताया आत्महत्या का मामला; परिजन बोले—मौत की सच्चाई सामने लाए जांच एजेंसी
सूरजपुर/रामानुजनगर। रामानुजनगर क्षेत्र के देवनगर निवासी CAF जवान बिजेंद्र ठाकुर की बीजापुर में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जवान की मौत को लेकर परिजन और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बिजेंद्र ठाकुर रायगढ़ में पदस्थ थे और ड्यूटी के दौरान बीजापुर में गोली लगने से उनकी मौत हुई। विभागीय स्तर पर इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है, लेकिन परिजन और स्थानीय लोग इस बात से संतुष्ट नहीं हैं। परिजनों ने जवान की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है।
जवान का शव गृह क्षेत्र पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करते हुए लोगों ने मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने और जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की मांग की।
प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों का कहना है कि जब तक जवान की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक उनकी शंकाओं का समाधान नहीं होगा। फिलहाल मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के देवनगर का है और जवान की मौत को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग जोर पकड़ रही है।





















































