राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा, दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित करने के दिए निर्देश
राजेंद्र पसवान सूरजपुर, /सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज संभागीय संयुक्त संचालक, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग डॉ. अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरजपुर के सभा कक्ष में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
विकासखण्डवार कार्य प्रणाली का हुआ गहन मूल्यांकन-
बैठक में सभी विकासखण्डों की कार्य प्रणाली का गहन मूल्यांकन किया गया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, वय वंदना कार्ड, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उपचार, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, मलेरिया, गैर संचारी रोग, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, नाक कान एवं गला, राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ाने सहित विभिन्न कार्यक्रमों के वर्ष 2025-2026 में लक्ष्य के विरुद्ध की गई उपलब्धियों की समीक्षा की गई। जिन राष्ट्रीय कार्यक्रमों में उपलब्धि कम पाई गई, उनमें आने वाले वित्तीय वर्ष में विशेष कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत उपलब्धि पूर्ण किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए गए।
आभा आईडी एवं आयुष्मान कार्ड हेतु डोर-टू-डोर सर्वे के निर्देश-
आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए छूटे हुए हितग्राहियों का डोर-टू-डोर सर्वे कर वंचित लोगों की आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड निर्माण के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से वंचित न रह सके।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर-
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की समीक्षा करते हुए ए.एन.सी. में पंजीकरण सुनिश्चित करने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का समय पर चिन्हांकन कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराने हेतु निर्देशित किया गया।
टीबी एवं कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा-
टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक नोटिफिकेशन कर टी.बी. मरीजों के चिन्हांकन के निर्देश दिए गए। कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्रति 03 माह में ग्रामों में स्किन कैंप आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे अधिक से अधिक मरीजों की पहचान शीघ्रता से हो सके और उनका इलाज समय पर प्रारंभ किया जा सके।
गैर संचारी रोगों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग के निर्देश-
गैर संचारी रोग की समीक्षा में समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एन.सी.डी. के अंतर्गत हाइपरटेंशन, मधुमेह, मुख कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाईकल कैंसर की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग कर नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में जिले के प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, समस्त जिला नोडल अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त जिला सलाहकार, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भटगांव, बिहारपुर एवं लटोरी, समस्त खण्ड डाटा प्रबंधक, समस्त खण्ड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।





















































