सूरजपुर/भैयाथान ग्राम पंचायत केवटाली के वार्ड क्रमांक 8 में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल होती नजर आ रही है। वार्डवासियों की मांग और जनप्रतिनिधियों के प्रयास के बाद मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को वार्ड में बोर खनन कार्य शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड में पानी की गंभीर समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक 8 की पंच फूलकली चेवा एवं उपसरपंच संघ जिला सूरजपुर के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव द्वारा संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को विधिवत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में उल्लेख किया गया था कि वार्ड में निवासरत 10 से 15 परिवारों को पेयजल के लिए काफी दूर तक जाना पड़ता है, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
आवेदन में यह भी बताया गया था कि केवटाली–सत्यानगर मुख्य मार्ग के दोनों ओर बसे इन परिवारों को विशेष रूप से गर्मी के मौसम में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है, जिससे स्थिति और अधिक विकट होने की आशंका है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक भटगांव के सहयोग तथा लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में वार्ड क्रमांक 8 में बोर मशीन भेजी गई। इसके बाद मौके पर बोर खनन कार्य प्रारंभ कराया गया।

बोर खनन कार्य शुरू होते ही वार्डवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
इस पहल के लिए वार्डवासियों ने स्थानीय विधायक भटगांव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, आवेदन प्रस्तुत करने वाले जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।





















































