विधायक श्री किरण सिंह देव ने दिलाई विकसित बस्तर के निर्माण की शपथ
14 अप्रैल तक चलेगा महाअभियान
जगदलपुर, 28 जनवरी 2026/नीति आयोग के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों के तहत बस्तर में विकास की नई इबारत लिखने के उद्देश्य से बुधवार को जगदलपुर के सिटी ग्राउंड में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का शुभारंभ किया गया। इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री किरण सिंह देव ने उपस्थित जनसमूह को बस्तर को स्वस्थ, समर्थ और समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान पिछले अभियान की उपलब्धियों को याद करते हुए बताया गया कि ‘संपूर्णता अभियान 1.0’ में बस्तर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। उस दौरान जिला स्तर पर निर्धारित सभी संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर बस्तर ने स्वर्ण पुरस्कार और ब्लॉक स्तर पर कांस्य पुरस्कार जीतकर अपनी क्षमता साबित की थी। इसी सफलता से प्रेरित होकर अब अभियान के दूसरे चरण का आगाज किया गया है, जो 28 जनवरी 2026 से बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती, 14 अप्रैल 2026 तक मिशन मोड में संचालित किया जाएगा।
इस तीन महीने के विशेष अभियान में आकांक्षी जिला और ब्लॉक कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से शिशुओं के जन्म के समय वजन, टीबी केस नोटिफिकेशन, स्कूलों और आंगनबाड़ियों में बालिकाओं के लिए क्रियाशील शौचालय, शुद्ध पेयजल और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार जैसे संवेदनशील मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा, पशुओं के टीकाकरण और ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (VHSND) के नियमित आयोजन को सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
विधायक श्री किरण सिंह देव द्वारा दिलाई गई शपथ में अधिकारियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से प्रतिज्ञा ली कि वे समयबद्ध तरीके से इन लक्ष्यों को हासिल करेंगे। शपथ में विभागों के बीच आपसी समन्वय (कन्वर्जेंस), कार्यों की नियमित समीक्षा, नवाचार और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि यह अभियान केवल सरकारी कवायद न रहकर एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सके।इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति रही। वहीं प्रशासनिक अमले से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल व श्री ऋषिकेश तिवारी तथा सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे विशेष रूप से मौजूद रहे।





















































