बच्चों को बचाने के प्रयास में पिता ने भी गंवाई जान, ग्रामीणों ने नदी से निकाले चारों शव
सूरजपुर। जिले के सरस्वतीपुर में शनिवार सुबह नदी में नहाने पहुंचे एक परिवार के लिए खुशियों का दिन देखते ही देखते मातम में बदल गया। नदी में डूबने से पिता समेत तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में स्थानीय स्तर पर ब्यूटी पार्लर संचालित करने वाली महिला का पति, उनका अपना बच्चा और बिहार की राजधानी पटना से घूमने आए उनके दो भांजे शामिल हैं। एक साथ चार लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि सभी लोग सुबह नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। खास बात यह है कि हादसे से एक दिन पहले भी परिवार के सदस्य इस स्थान पर आए थे। उन्होंने घर पर वीडियो कॉल के माध्यम से नदी और आसपास का स्थान दिखाते हुए यहां नहाने की योजना की जानकारी भी दी थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस जगह को लेकर परिवार में उत्साह था, वही उनके लिए काल बन जाएगी।
बच्चों को बचाने नदी में कूदे पिता!

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी से बाहर निकाले गए पिता के शरीर पर पूरे कपड़े थे और माथे पर टीका लगा हुआ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने अपने बच्चों में से किसी को गहरे पानी में डूबते देखा होगा और उसे बचाने के लिए बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। बच्चों को बचाने की कोशिश में पिता भी गहरे पानी में फंस गए और देखते ही देखते चार जिंदगियां नदी में समा गईं।
एसडीआरएफ के नहीं पहुंचने का आरोप
हादसे की सूचना सुबह ही एसडीआरएफ टीम को दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतरकर कड़ी मशक्कत की और चारों शवों को बाहर निकाला।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं एक साथ चार लोगों की मौत ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।




















































