कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रामानुजनगर – अखंड दीप एवं परम वंदनीय माताजी के शताब्दी वर्ष विशेष अवसर पर आयोजित 9 कुंडीय राष्ट्रशक्ति समृद्धि गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत होते ही पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बन गया। प्रथम दिवस आयोजित कलश यात्रा में लगभग 500 की संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। भजन-कीर्तन, जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा नगर गायत्री माता की भक्ति में सराबोर नजर आया।

यह आयोजन हनुमान मंदिर प्रांगण, देवनगर, विकासखंड रामानुजनगर, जिला सूरजपुर में संपन्न हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में गायत्री परिवार एवं समस्त ग्रामवासी देवनगर का विशेष योगदान रहा। यज्ञ के माध्यम से शांति, सद्भाव, राष्ट्रशक्ति और सामाजिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में नि:शुल्क दीक्षा, नामकरण, अन्नप्राशन, यज्ञोपवीत एवं पुंसवन संस्कार भी कराए जा रहे हैं। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। तीन दिवसीय इस महायज्ञ में आगामी दिनों में वैदिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं यज्ञाहुतियों के साथ आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।





















































