रामानुजनगर – चैलेंज कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 के तहत देवनगर में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में कोल्ट्स क्लब देवनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टाउन यूनाइटेड कोरिया को 5–1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मैच की शुरुआत से ही कोल्ट्स क्लब देवनगर ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में ही टीम ने बढ़त बना ली, जिससे टाउन यूनाइटेड कोरिया दबाव में नजर आई। मध्यांतर तक कोल्ट्स क्लब ने बढ़त कायम रखी। दूसरे हाफ में भी देवनगर की टीम ने लगातार हमले करते हुए कुल पाँच गोल दागे, जबकि टाउन यूनाइटेड कोरिया की ओर से केवल एक गोल ही हो सका। खेल के दौरान कोल्ट्स क्लब देवनगर के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, तेज पासिंग और मजबूत डिफेंस का परिचय दिया, जिसके सामने टाउन यूनाइटेड कोरिया टिक नहीं सकी। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे मैच के दौरान तालियों से मैदान को गूंजायमान रखा। अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 22 तारीख, दिन गुरुवार को खेला जाएगा। यह रोमांचक फाइनल मैच ब्राइट स्टार क्लब विश्रामपुर और कोल्ट्स क्लब देवनगर के मध्य दोपहर 3:00 बजे से आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार फाइनल मैच को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजक समिति ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से फाइनल मुकाबला देखने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।






















































