सूरजपुर। अमगांव ओपनकास्ट कोल माइंस से प्रभावित ग्राम साल्ही एवं आसपास की ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सरपंच संघ जिला अध्यक्ष अमर सिंह मरकाम के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र के प्रभावित ग्रामीणों के लिए आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि कोल माइंस के कारण आसपास के गांवों में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ग्रामीणों को पीने के साफ पानी, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रशासन से कई महत्वपूर्ण मांगें की गई हैं।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रभावित ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी सहित नल एवं सबमर्सिबल पंप की व्यवस्था करने, नदी पर पुल निर्माण कराने तथा क्षतिग्रस्त पहुंच मार्गों का तत्काल निर्माण कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक प्रभावित ग्राम पंचायत में तालाब निर्माण, खेल मैदान, मिनी स्टेडियम, सड़क लाइट और चौराहों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग रखी गई है।
इसके अलावा क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण, एम्बुलेंस सुविधा तथा प्रभावित मार्गों पर धूल से बचाव के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि 20 दिनों के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो प्रभावित ग्रामवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी कोल प्रबंधन की होगी।
इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायतों के सरपंच भी मौजूद रहे और उन्होंने भी ग्रामीणों की समस्याओं को जल्द समाधान करने की मांग प्रशासन से की।





















































