देवनगर, 31 अक्टूबर 2026। माई भारत सूरजपुर के तत्वावधान में आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवनगर में ‘आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करना था।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नशा मुक्ति विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक एवं प्रेरणादायक नारों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके अतिरिक्त माई भारत एवं नशा मुक्ति अभियान से संबंधित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माई भारत के जिला अधिकारी श्री प्रिंस सिंह, विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकगण, माई भारत वॉलंटियर श्री सुरेश साहू, श्री नितिन साहू, श्री सत्येंद्र कुशवाहा तथा उनकी टीम के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है और नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नशे को कहें ना, जीवन को कहें हाँ — यही हो हमारा संकल्प।





















































