
सूरजपुर/ जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कबरा कान नामक हाथी के हमले से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान जाने की खबर सामने आई है। एक घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर-सोनगरा सर्किल की है, जबकि दूसरी घटना सूरजपुर क्षेत्र के सोनपुर-सू में हुई है। दोनों घटनाओं ने हाथी प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर-सोनगरा सर्किल में कबरा कान हाथी ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। वहीं दूसरी घटना सूरजपुर क्षेत्र के सोनपुर-सू की है, जहां हाथी के हमले में मटूलाला पिता लालसाय, निवासी पंडोपारा की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मटूलाला बीती रात अपने खेत में धान की रखवाली कर रहा था। खेत में आवारा मवेशियों से फसल को बचाने के लिए वह पहरा दे रहा था। इसी दौरान कबरा कान हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
दो अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खेतों में धान की फसल तैयार होने के कारण किसान और ग्रामीण रात में खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, लेकिन हाथियों की मौजूदगी उनके लिए जानलेवा साबित हो रही है।
लगातार हो रही जनहानि ने निगरानी और हाथी प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने का इंतजार है।




















































