पोड़ी से बिश्रामपुर तक लगभग 15 किमी की निकाली गई बाइक रैली
महाप्रबंधक कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर सौंपा गया ज्ञापन

सूरजपुर/ बिश्रामपुर -एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी खदानों के ठेका मजदूरों के 15 सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त कोयला मजदूर संघ ( एटक ) ने विशाल धरना प्रदर्शन किया l
बता दें कि संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के आह्वान पर आज रेहर , गायत्री, केतकी, अमेरा, एवं आमगांव सहित सभी क्षेत्र के सैकड़ों मजदूर ग्राम पंचायत पोड़ी के स्कूल ग्राउंड में बाइक रैली एवं धरना प्रदर्शन के लिए इकट्ठे हुए l
जहां से एटक पदाधिकारियों के नेतृत्व में लगभग 15 किमी की बाइक रैली निकालने के बाद महाप्रबंधक कार्यालय के सामने पहुंचकर विशाल धरना प्रदर्शन में शामिल हुए l

इस धरना प्रदर्शन के बाद 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एटक यूनियन महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा गया l

वहीं धरना प्रदर्शन के दौरान बतौर मुख्य अतिथि के रूप मौजूद एटक के केंद्रीय अध्यक्ष कामरेड कन्हैया सिंह ने कहा कि संयुक्त कोयला मजदूर संघ हमेशा से मजदूरों के हित में ही अपनी लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ते रहेंगे l इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के मजदूरों को उनका अधिकार दिलाना हमारा लक्ष्य है और इसके लिए किसी प्रकार का समझौता हमें स्वीकार नहीं है l
इसी क्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष

नरेश राजवाड़े ने कहा कि मजदूर के अधिकारों की रक्षा के लिए हम सभी स्तर पर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं l
वहीं एटक के केंद्रीय महासचिव कामरेड अजय विश्वकर्मा ने ठेका मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 30 – 35 सालों से लगातार हम ठेका मजदूरों के हित में लड़ाई लड़ रहे हैं l इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोल इण्डिया के साथ साथ ठेका मजदूरों के हित और अधिकार की रक्षा के लिए एटक यूनियन ने हमेशा मजबूती के साथ संघर्ष किया है और जीत हासिल किया है l
गौरतलब है कि ठेका मजदूरों के 15 सूत्रीय मांगों में मुख्य रूप से कार्य समिति का गठन, नियुक्ति पत्र, एचपीसी वेज का भुगतान,उपस्थिति,पहचान पत्र, बोनस भुगतान, वार्षिक छुट्टी, कॉर्पोरेट बैंक खाते से भुगतान, वेतन भुगतान की तिथि निर्धारण ,सुरक्षा उपायों की अनदेखी एवं पूर्व में कटे सीएमपीएफ की वापसी या समायोजन सहित वेतन पर्ची प्रदान करना आदि मांग शामिल हैंl
आने वाले समय में ठेका मजदूरों की मांगों पर एसईसीएल प्रबंधन आखिर क्या उचित कार्यवाही करती है यह तो देखने वाली बात होगी l
इस विशाल धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से एटक यूनियन के कामरेड राजेश शर्मा केन्द्रीय उप महासचिव, कामरेड राघवेन्द्र शुक्ला केन्द्रीय उपाध्यक्ष, कामरेड हीरा लाल क्षेत्रीय अध्यक्ष, पंकज गर्ग, नरेश राजवाड़े पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष,लक्ष्मण राजवाड़े, अरुण सुदेवन,अजय पोर्ते, राजेश सिंह,शिवराम सिंह, अजय नेताम,धरमजीत, जफर हैदर,अविनाश यादव,रामचंद्र राजवाड़े,अखिलेश ठाकुर, सुरेश कुमार, एवं योगेंद्र प्रताप सहित सैकड़ों की संख्या में एटक के सदस्य और ठेका श्रमिक मौजद रहे l





















































