बिश्रामपुर के समाजसेवी गुरमीत सिंह द्वारा टोपी सहित स्वेटर तथा पिंकू शर्मा द्वारा सहायिकाओं को स्वेटर किया गया प्रदान

बिश्रामपुर– क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में वरिष्ठ समाजसेवी श्री गुरमीत सिंह के सौजन्य से प्राप्त टोपी सहित स्वेटर का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय सिंह सहायक संचालक शिक्षा रहे। इस दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह पोर्ते, खंड स्रोत समन्वयक मनोज कुमार मंडल, जयराम प्रसाद विकासखंड परियोजना अधिकारी साक्षर भारत, एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या राजवाड़े, भुनेश्वरी राजवाड़े सचिव आरती स्व सहायता समूह, संस्था के शिक्षक रिजवान अंसारी श्रीमती एम. टोप्पो, मध्याह्न भोजन सहायिका श्रीमती सुमित्रा राजवाड़े, नान दईया, घरपती सिंह सहित दर्ज 82 में 81 बच्चे उपस्थित रहे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सहायक संचालक अजय सिंह द्वारा बच्चों को शिक्षकों के बताएं मार्ग पर चलने, प्रतिदिन विद्यालय पढ़ने आने, शाम के समय प्रतिदिन पढ़ने बैठने तथा अपने माता-पिता का सम्मान करने की बात कही गई। कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह पोर्ते तथा खंड स्रोत समन्वयक मनोज कुमार मंडल द्वारा भी संबोधित किया गया।

संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि श्री गुरमीत सिंह द्वारा गत चार वर्षों से नव प्रवेशी बच्चों को एक ही कलर ( डार्क ब्लू) में स्वेटर प्रदान किया जाता रहा है। इस वर्ष संस्था के कुल 40 नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को टोपी सहित स्वेटर प्रदान किया गया। गरीब तथा जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाव की खातिर सामुदायिक सहयोग के तहत दानदाताओं से उनी कपड़े लेकर प्रदान करने का कार्य किया जाता है। आपने कहा कि वर्ष 2014 से ही संस्था के बच्चों को गरम कपड़े दिया जाता रहा है। ऊनी कपड़े कभी अग्रवाल महिला समिति, तो कभी मारवाड़ी महिला मंच तो कभी समाजसेवियों के माध्यम से स्वेटर-टोपी लेकर दिया जाता रहा है। इससे जहां जरूरतमंद को ठंड से बचाव के लिए उनी कपड़े प्राप्त हो पाते हैं तो वहीं दानदाताओं द्वारा जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े वितरित कर पुण्य भागीदार बनने का सुअवसर प्राप्त होता है। बच्चे टोपी सहित स्वेटर पाकर खुशी से झूम उठे। उनके चेहरे पर खुशी साफ देखने को मिली, बच्चों ने गुरमीत जी के प्रति आभार प्रकट की गई। मध्याह्न भोजन सहायिका तथा सफाई कर्मचारी को हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर के व्याख्याता पिंकू शर्मा के सौजन्य से स्वेटर प्रदान किया गया। बच्चों संग अतिथियों ने नेवता भोज में पूड़ी, चावल, दाल फ्राई, मिठाई, भिंडी की भुजिया, लालभाजी साग, टमाटर की चटनी, अंडा करी, आचार, पापड़ तथा सलाद का स्वाद लिया।





















































