श्रमिक संगठन एटक के बैनर तले शुरू हुआ क्रमिक भूख हड़ताल एवं आमरण अनशन
श्रमिकों की मांग जायज है – पंकज गर्ग

बिश्रामपुर – अपने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर ठेका श्रमिकों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी l
एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के खदानों में काम करने वाले ठेका मजदूरों की हालत दिनोदिन दयनीय होती जा रही है l जिसका नतीजा आज 15 सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल में बैठे मजदूरों में देखने को मिला l
बता दें कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के कई खदानों में ठेका मजदूरों को काम पर रखा गया है l लेकिन संबंधित ठेकेदारों द्वारा नयम और कानूनों को ताक पर रखकर कर मजदूरों से काम लेने की बात भी लगातार निकलकर सामने आ रही है l ऐसे में कुछ ठेका श्रमिक अपने आप को ठगा महसूस करने लगे हैं l बीते एक साल से अपने अधिकारों की मांग कर रहे इन ठेका मजदूरों के सामने रोजी रोटी की विकट समस्या खड़ी हो गई है l

ठेकेदारों की मनमानी और कोल प्रबंधन की अनदेखी से नाराज ठेका मजदूरों ने बीते 5 अक्टूबर को 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एटक यूनियन के बैनर तले विशाल बाइक रैली निकालकर क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया था l इस धरना प्रदर्शन के बाद जहां एक ओर ठेका मजदूरों ने एसईसीएल प्रबंधन पर अनदेखी का आरोप लगाते नजर आए वहीं सूत्रों ने बताया कि प्रबंधन द्वारा मजदूर हित में सभी ठेकेदारों को नियमानुसार कार्य करने की चेतावनी पूर्व में दे दी जा चुकी है इसके बावजूद भी ठेका मजदूरों को काम के दौरान उनके अधिकारों से वंचित रखने का मामला सवालों के घेरे में है l
वहीं अपने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल एवं आमरण अनशन पर बैठे मजदूरों ने बताया कि ठेकेदारों द्वारा काम के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी लगातार की जा रही है l इसके साथ ही नियमानुसार वेतन भुगतान न करना, आठ कभी कभी घंटे से अधिक काम कराना , नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र न देना, हाजिरी का काम विधिवत न होना एवं रोजगार के नाम पर अवैध उगाही करना आदि समस्याओं से लगातार ठेका मजदूर जूझ रहे हैं l ऐसे में उनके पास भूख हड़ताल एवं आमरण अनशन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता l
वहीं एटक यूनियन के कामरेड पंकज गर्ग ने बताया कि ठेका मजदूरों की मांग बिल्कुल जायज है, हम इसका समर्थन करते हैं और जब तक इनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक ये क्रमिक भूख हड़ताल एवं आमरण अनशन जारी रहेगी l





















































