टीबी मुक्त पंचायतों, निक्षय मित्रों और उत्कृष्ट स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
टीबी मरीजों को पोषण आहार किट एवं हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड किया गया वितरण

सूरजपुर/टीबी मुक्त भारत के संकल्प में सामुदायिक भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा के द्वारा दिल्ली से जोश – जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ का शुभारंभ किया। मंगल भवन में जिला स्तरीय आयोजित कार्यक्रम से जिले वासी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी शामिल हुए। इस दौरान जिला स्तरीय जोश टीम के शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर टीबी मरीजों को पोषण आहार किट और हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। साथ ही टीबी मुक्त पंचायत का अवार्ड सेरेमनी, निश्चय मित्रों का सम्मान और टीबी के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाओं का लाभ लिया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वालंटियर एवं नागरिकों ने टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बीमारी से जुड़े डर और भ्रांतियों को दूर करने तथा टीबी मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने टीबी हारेगा, देश जीतेगा का संदेश देते हुए कहा कि टीबी मुक्त भारत का संकल्प साकार करने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को उपचार के लिए प्रेरित करना और उनका मनोबल बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संभावित मरीजों को चिन्हित कर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित दवा सेवन और उपचार पूरा कराने में सहयोग किया जाना चाहिए।

श्री मरावी ने स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए सभी मिलकर कार्य करें। सामूहिक प्रयासों से जिले को टीबी मुक्त बनाकर टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ा जा सकता है।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि टीबी मुक्त अभियान में जोश टीम के वालंटियर, ग्राम पंचायत सचिव, एनसीसी कैडेट, माय भारत से जुड़े युवा और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। टीम के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान, उन्हें जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने तथा उपचार पूरा कराने में सहयोग किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि टीबी के लक्षणों की पहचान कर संबंधित व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने वालंटियरों और पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों में जागरूकता बढ़ाने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिवारों को जानकारी एवं सहयोग देकर अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है। सभी के साझा प्रयासों से टीबी मुक्त सूरजपुर का संकल्प साकार होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा ने कहा कि समय पर जांच एवं उपचार के लिए लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने गांवों के पारा-मोहल्लों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने और नागरिकों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा योजना के अंतर्गत उपचार सुविधाओं का लाभ लेने को कहा।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाती सिंह ने कहा कि टीबी मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने बीमारी को छिपाने के बजाय जांच कराने और उपचार पूरा करने के लिए मरीजों को प्रेरित करने की बात कही। साथ ही टीबी के लक्षणों के प्रति सजग रहने तथा समय पर स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का संदेश दिया।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गांव, जनपद एवं विकासखंड स्तर पर जागरूकता अभियान में सहयोग का संकल्प लिया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और सेवा भाव से कार्य करने पर बल दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रशांत सिंह ने टीबी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उपचार पूरा करने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह से अधिक खांसी रहने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। उन्होंने जोश टीम के सदस्यों एवं नागरिकों से संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, जोश टीम के वालंटियर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
टीबी के प्रति जागरूक करेगी जोश टीम
जोश टीम, एनसीसी के कैडेट्स और माय भारत वॉलिंटियर्स की संयुक्त टीम है जो टीबी के लिए कार्य करेगी। टीम का मुख्य कार्य घर-घर जाकर सर्वे करते हुए टीवी के प्रति जागरूकता फैलाना रहेगा। इस टीम में सभी ब्लॉक में पांच एनसीसी के कैडेट्स और पांच माय भारत वॉलिंटियर नियुक्त किया गया है। सूरजपुर जिले में भी प्रत्येक विकासखंड के लिए एक टीम बनाई गई है जो टीबी जागरूकता के लिए कार्य करेगी।





















































