
सूरजपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले संयुक्त अनियमित कर्मचारी प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से स्वास्थ्य विभाग के हजारों कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया तथा शासन स्तर पर मांगों की अनदेखी के विरोध में आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक में मुख्य रूप से स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के संरक्षक ओपी शर्मा, संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल पांडेय एवं संयुक्त अनियमित कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता की अध्यक्षता में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
वेतन वृद्धि से नियमितीकरण तक उठी आवाज
बैठक में वेतन वृद्धि, वेतन विसंगति दूर करने, नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखी जा रही हैं। हजारों निवेदन एवं आवेदन दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
11 सितंबर को राजधानी में होगा सांकेतिक आंदोलन
संयुक्त अनियमित कर्मचारी प्रकोष्ठ के सूरजपुर जिला संयोजक डॉ. निलेश कुमार साहू ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 11 सितंबर 2026 को राजधानी रायपुर में एक दिवसीय सांकेतिक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित कराते रहे हैं। इसके बावजूद मांगों पर ठोस पहल नहीं होने के कारण अब कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हैं।
“निवेदन के बाद अब आंदोलन की बारी”
डॉ. निलेश कुमार साहू ने कहा कि कर्मचारियों द्वारा पूर्व में शासन एवं प्रशासन को कई बार अपनी मांगों से अवगत कराया गया तथा हजारों निवेदन पत्र दिए गए, लेकिन अब तक उच्च अधिकारियों एवं सरकार की ओर से अपेक्षित सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। ऐसे में 11 सितंबर का सांकेतिक आंदोलन कर्मचारियों की एकजुटता और अपनी मांगों के प्रति दृढ़ संकल्प का संदेश होगा।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने मांगों को लेकर एकजुटता जताते हुए आगामी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।





















































