
नीरज सिंह / रामानुजनगर:- पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल रामानुजनगर में बच्चों की पढ़ाई और उनके सर्वांगीण विकास को लेकर एक शासन के निर्देशानुसार अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए और बच्चों की शिक्षा, व्यवहार, उपस्थिति और प्रगति के बारे में शिक्षकों से सीधे बातचीत की। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना, दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई, जिसके बाद स्कूल के प्राचार्य पीसी सोनी द्वारा विद्यालय की उपलब्धियों और आगामी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर साला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास दुबे ने कहा कि बच्चों का भविष्य तभी उज्ज्वल हो सकता है जब अभिभावक और शिक्षक मिलकर साथ काम करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय सिर्फ पढ़ाई का स्थान नहीं है, बल्कि यह बच्चों के चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास और अच्छे संस्कार देने का माध्यम है। कार्यक्रम की खास झलक ‘नशा मुक्ति शपथ’ रही, जिसमें सभी अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने नशा से दूर रहने और समाज को भी इस बुराई से बचाने का संकल्प लिया। यह शपथ विकास दुबे ने दिलाई और सभी को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को एक सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य देने के लिए नशा मुक्त समाज जरूरी है। बैठक में विद्यार्थियों की पढ़ाई, नैतिक शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास और अनुशासन पर गहन चर्चा की गई, जिससे अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक स्थिति समझने और बेहतर मार्गदर्शन देने में मदद मिली। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद स्कूल के सभी शिक्षक व स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन की सभी ने सराहना की और इसे बच्चों के विकास के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।





















































