

नीरज सिंह / रामानुज नगर आज सावन के पवित्र माह तीसरे सोमवार को सूरजपुर जिले के प्रेम नगर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय एवं जनसेवाभावी विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने आज अपने परिवार सहित सूरजपुर कोट पटना के ऐतिहासिक सारना, और धार्मिक स्थल सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, पटना में भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

सुबह के समय पवित्र मंत्रोच्चारण के बीच विधायक मरावी ने गंगाजल, दूध, दही, शहद और पंचामृत से भगवान शंकर का अभिषेक किया। उन्होंने रुद्राभिषेक के साथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। स्थानीय पुजारियों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का पारंपरिक स्वागत करते हुए उनके आगमन को शुभ बताया।

इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्री मरावी ने कहा,
“भगवान शिव सृष्टि के संहारक ही नहीं, सच्चे न्याय के प्रतीक भी हैं। मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र के हर नागरिक की भलाई और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की है। शिव कृपा से क्षेत्र में विकास और सामाजिक समरसता की गति और तेज होगी।”

विधायक के साथ स्थानीय समाजसेवी, सहयोगी और श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। मंदिर प्रबंधन समिति ने श्री मरावी को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।इस कार्यक्रम के माध्यम से विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपनी आध्यात्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समर्पण का भी परिचय दिया।

सिद्धेश्वर मंदिर पटना मे स्थित सिद्धेश्वर मंदिर न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह श्रावण मास में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र भी बनता है। इस मंदिर में जलाभिषेक का विशेष महत्व है, खासकर श्रावण के पावन माह में भगवान शिव को जल अर्पित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है।
