ड्राइवर का पैर कटा,एक की हुई मौत, दर्जनों घायल
सासाराम बिहार से अंबिकापुर आ रही थी यात्री बस

सूरजपुर/प्रतापपुर – सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर चौक खजुरी के पास सोमवार देर रात करीब 2 बजे एक यात्री बस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई।
हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना में बस चालक का पैर कट जाने की भी जानकारी सामने आई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के सासाराम से अंबिकापुर की ओर जा रही शमीम एनएसटी स्लीपर बस का टायर डिवाइडर से टकराने के बाद फट गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में घायल यात्रियों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।





















































