
बिश्रामपुर-क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में जिला कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की मंशानुरूप, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंहा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह तथा खंड स्रोत समन्वयक मनोज कुमार मंडल के मार्गदर्शन में पालक- बालक-शिक्षक की बैठक संस्था की एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या राजवाड़े के नेतृत्व में आयोजित की गई। संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि इस बैठक में उपस्थित पालकों को त्रय मासिक परीक्षा फल की जानकारी देकर बच्चों के घर पर पढ़ने बैठाने, गृह कार्य करने को बोलने तथा संध्या समय में स्कूल में पढ़ी गई चीजों को घर पर पढ़ रहे हैं या नहीं देखने की बात पर चर्चा की गई। उपस्थित पालकों को आगामी दशहरा अवकाश पर बच्चों को पर्याप्त गृहकार्य दिए जाने की बात बताई गई तथा गृहकार्य को करवाने हेतु प्रेरित किया गया। संस्था की तीन ड्रॉप आउट छात्राओं नैनसी यादव, नगीना यादव तथा संगीता यादव के अनुपस्थिति पर चर्चा कर उन्हें विद्यालय से सतत रूप से जोड़ने पर बच्चों को भी शामिल करने की बात कही गई। उपस्थित पालकों को अपने-अपने घर के आसपास खाली जगह पर एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत वृक्षारोपण कर उसे सुरक्षित करने हेतु प्रेरित किया गया।नवप्रवेशी बच्चों के बैंक खाता खुलवाकर संस्था में खाता नंबर जमा करने, जाति- निवास एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने को कहा गया। आज बड़ी संख्या में पालक, संस्था के शिक्षक मध्याह्न भोजन सहायिका तथा बाल कैबिनेट के समस्त मंत्री उपस्थित रहे।





















































