
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की संभागीय बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन, अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की संभागीय स्तरीय बैठक शुक्रवार को जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में संभाग के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जीवन दीप समिति के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संघ द्वारा संभागायुक्त एवं संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग सरगुजा को सौंपे गए पत्र में उल्लेखित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत पात्र कर्मचारियों को कलेक्टर दर के अनुसार न्यूनतम वेतन/मानदेय, ₹4,000 श्रम सम्मान राशि तथा शासन एवं विभागीय नियमों के तहत देय वेतन वृद्धि एवं अन्य वित्तीय लाभ प्रदान किए जाने की मांग रखी।
लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारी, फिर भी वित्तीय लाभ से वंचित
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में जीवन दीप समिति के कर्मचारी लंबे समय से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शासन एवं विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों और प्रावधानों के बावजूद कई पात्र कर्मचारियों को अपेक्षित वित्तीय लाभ नहीं मिल पा रहे हैं। इससे कर्मचारियों के बीच आर्थिक कठिनाइयों के साथ असंतोष की स्थिति भी बनी हुई है।
संभाग के पांच जिलों के कर्मचारियों का मुद्दा उठा
बैठक में सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा सरगुजा (अंबिकापुर) सहित संभाग के विभिन्न जिलों में कार्यरत जीवन दीप समिति कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
संघ ने संबंधित अधिकारियों से मांगों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र कर्मचारियों को उनका निर्धारित लाभ दिलाने की मांग की।
शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जीवन दीप समिति के कर्मचारी स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए शासन के प्रावधानों के अनुरूप लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।
संघ ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक पहल करेंगे और पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार मिलने वाले वित्तीय लाभ जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।





















































