सूरजपुर। सूरजपुर जिले के देवनगर में पिछले एक सप्ताह से जियो मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। नेटवर्क ठप रहने से उपभोक्ताओं को मोबाइल कॉल और इंटरनेट सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लगातार समस्या के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि नेटवर्क नहीं होने के कारण जरूरी फोन कॉल, ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग, ऑनलाइन कामकाज और इंटरनेट से जुड़े अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई बार नेटवर्क आने के बाद भी कॉल कनेक्ट नहीं हो रही है और इंटरनेट की स्पीड बेहद धीमी बनी हुई है।
एक सप्ताह से समस्या, समाधान का इंतजार

लंबे समय से नेटवर्क समस्या बनी रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को यह स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है कि आखिर तकनीकी खराबी कहां है और सेवा कब तक सामान्य होगी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने की नेटवर्क बहाल करने की मांग
जियो उपभोक्ताओं ने संबंधित कंपनी के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए नेटवर्क व्यवस्था की जांच कराने और जल्द से जल्द कॉल एवं इंटरनेट सेवा सुचारु कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित रिचार्ज कराने के बावजूद नेटवर्क सेवा नहीं मिलने से उन्हें परेशानी और आर्थिक नुकसान दोनों उठाना पड़ रहा है।



















































